आकाशीय बिजली का कहर: खेत में काम कर रहे दो किसानों की मौत, पीएम रिपोर्ट तय करेगी राहत

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) सिडकुल थाना क्षेत्र के ग्राम डालूवाला में शनिवार शाम खेत में काम कर रहे दो किसानों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत होने की सूचना है। मृतकों की पहचान नगिन सिंह (55) पुत्र अतर सिंह निवासी डालूवाला मजबता और रणधीर सिंह (40) पुत्र जीत सिंह निवासी खाला टीरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों किसान शाम करीब 5:30 बजे डालूवाला स्थित खेत में एक साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने दोनों को उपचार के लिए विनय विशाल अस्पताल, रुड़की पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिडकुल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि घटना की प्राथमिक सूचना विभाग को मिली है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। यदि पीएम रिपोर्ट में आकाशीय बिजली से मौत की पुष्टि होती है तो आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत राहत राशि की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियमानुसार पात्रता होने पर 72 घंटे के भीतर राहत राशि देने का प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!