एक्सपायरी शराब पकड़ी तो ग्राहक से ही भिड़ गए दुकानदार

Listen to this article

हरिद्वार। शराब की दुकान पर ग्राहक बोतल की तारीख देखे या दुकानदार की मनमानी बर्दाश्त करे? बहादराबाद में सामने आए एक मामले ने शराब बिक्री की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि अंग्रेजी शराब की दुकान पर ग्राहक को जुलाई 2026 में एक्सपायर हो चुका एप्पल फ्लेवर का क्वार्टर दे दिया गया। ग्राहक ने बोतल पर लिखी तारीख देखकर सवाल उठाया तो गलती सुधारने के बजाय दुकान पर मौजूद लोग उसी से उलझने लगे। मामला बढ़ा तो ग्राहक ने वीडियो बना लिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राहक बहादराबाद स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर एप्पल फ्लेवर का क्वार्टर खरीदने पहुंचा था। बोतल पर जुलाई 2026 की समाप्ति तिथि देखकर उसने दुकानदार से आपत्ति जताई। आरोप है कि इस पर उसे संतोषजनक जवाब देने के बजाय बहस शुरू कर दी गई। ग्राहक ने विरोध जारी रखा तो विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
मामला बढ़ता देख दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने ग्राहक के सामने ही संबंधित क्वार्टर बाहर फेंक दिया। इसके बाद ग्राहक के पैसे वापस किए गए, तब जाकर विवाद शांत हुआ। ग्राहक ने मामले की शिकायत Excise विभाग से की है।

तारीख बोतल पर, जवाबदेही किसकी?

यह मामला सिर्फ एक क्वार्टर के पैसे लौटाने तक सीमित नहीं है। सवाल यह है कि यदि शराब की समाप्ति तिथि निकल चुकी थी तो वह दुकान पर बिक्री के लिए कैसे रखी थी? क्या दुकान में रखे दूसरे उत्पादों की भी जांच की गई? और ग्राहक की शिकायत पर विभाग क्या कदम उठाएगा?
शराब की दुकानों की निगरानी और उत्पादों की वैधता सुनिश्चित करना संबंधित व्यवस्था की जिम्मेदारी है। यदि आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई जरूरी होगी। Excise विभाग ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है। अब निगाहें इस पर हैं कि जांच में सिर्फ शिकायत का निपटारा होगा या दुकान की बिक्री व्यवस्था की भी पड़ताल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!