हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व ने भाग लिया। कार्यक्रम में खड़गे ने संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों और पार्टी की विचारधारा को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर चर्चा की। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, रणनीति और जनसंपर्क अभियान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कांग्रेस नेता एवं रानीपुर विधानसभा से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे मनोज धनगर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता से जुड़े मुद्दों को समझने और उन्हें पार्टी के माध्यम से मजबूती से उठाने के लिए लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच रहेंगे और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और नई ऊर्जा देखने को मिली।
खड़गे के कार्यक्रम में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, 2027 की तैयारियों पर मंथन