हरिद्वार( गौरव कुमार)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति मंडी सचिव को पांच करोड़ रुपये का जिक्र करते हुए जान से मारने की धमकी देता दिखाई देने का आरोप है। मामले को गंभीर मानते हुए ज्वालापुर पुलिस ने नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लवकेश कुमार पुत्र भूषण गिरी, प्रभारी सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार यूनियन, हरिद्वार ने ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। आरोप है कि वीडियो में त्रिपुरारी नाम का व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ पांच करोड़ रुपये की मांग का जिक्र करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। भय के कारण सरकारी कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि उनके परिजन भी दहशत में हैं। पुलिस के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाले अधिकांश लोग मंडी से जुड़े व्यापारी बताए जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि एक नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
