प्लॉट बेचने के नाम पर 4.20 लाख की ठगी, रकम मांगने पर महिला से मारपीट; दंपती पर मुकदमा दर्ज

Listen to this article

हरिद्वार( गौरव कुमार)। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में प्लॉट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर दंपती ने महिला से मारपीट कर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सुमन नगर निवासी रानी गोस्वामी पत्नी शुभम भारती ने शिकायत देकर बताया कि पड़ोसी दंपती देवेंद्र शाही और पूजा शाही ने अपने नाम तीन प्लॉट बताते हुए कुल 2,262 वर्गफुट जमीन का सौदा 16.68 लाख रुपये में तय किया था। आरोप है कि बयाने के तौर पर 3.20 लाख रुपये ऑनलाइन और 13 मई को एक लाख रुपये नकद दिए गए। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि तीनों प्लॉट दंपती के नाम नहीं हैं। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर दंपती ने इनकार करते हुए रानी को जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। तीन जून को देवेंद्र शाही ने रोड नंबर पांच पर रानी के साथ डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर रानी के पति और जीजा मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!