हरिद्वार(गौरव कुमार)। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड पर पीछा करने, परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला कांस्टेबल की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश के बाद सिडकुल थाने में होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, महिला कांस्टेबल ने तहरीर में बताया कि वाचक कार्यालय में नियुक्त होमगार्ड कुलदीप आए दिन उसे परेशान करता है। उसने कई बार होमगार्ड को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। आरोप है कि वह महिला कांस्टेबल जहां भी जाती, उसका पीछा करता और व्हाट्सएप पर लगातार संदेश भेजकर परेशान करता था। महिला कांस्टेबल ने बताया कि 22 सितंबर को वह सरकारी कार्य से डीएम कार्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस गई थी। आरोप है कि होमगार्ड उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया और उसका हाथ पकड़कर उसके साथ बदसलूकी करने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने महिला कांस्टेबल से परेशानी के बारे में पूछा। व्यक्ति के पहुंचते ही होमगार्ड ने उसका हाथ छोड़ दिया और वहां से चला गया। इसके बाद महिला कांस्टेबल वापस लौट आई। महिला कांस्टेबल ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। शिकायत के आधार पर सिडकुल पुलिस ने आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।



महिला कांस्टेबल का पीछा कर छेड़छाड़, होमगार्ड पर मुकदमा; व्हाट्सएप मैसेज से भी करता था परेशान