हरिद्वार (गौरव कुमार)। जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की पहली समय सीमा निकलने के बाद अब प्रशासन ने 15 अक्टूबर की नई समय सीमा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। सड़कों की वास्तविक स्थिति और मरम्मत कार्य की रफ्तार परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को स्वयं अधिकारियों के साथ धरातल पर उतरे। उन्होंने चंडी चौक, चंडी पुल, आयरिश पुल, बैरागी कैंप और दक्षद्वीप समेत कई स्थानों का निरीक्षण कर सड़क मरम्मत की स्थिति देखी और अधिकारियों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि अब काम केवल कागजों पर नहीं, बल्कि मौके पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जहां डामरीकरण और पेंचवर्क लंबित है, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान चंडी पुल के मरम्मत कार्य की प्रगति जानी गई। जिलाधिकारी ने इसे शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि आवागमन लंबे समय तक प्रभावित न हो। आयरिश पुल के पास क्षतिग्रस्त सड़क का भी जायजा लिया गया।दक्षद्वीप के बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर लंबे पुल का निरीक्षण कर उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समय सीमा की जानकारी ली। कुंभ मेले से जुड़े लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की और उन्हें समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने को कहा।राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में पेंटिंग और दीवारों पर चित्रकारी कराने के साथ खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता देने को कहा।निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, उप प्रबंधक एनएच प्रज्वल चौहान, ठेकेदार अमित जैन और जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



गड्ढामुक्त सड़कों की डेडलाइन नजदीक, डीएम मयूर दीक्षित ने सड़कों पर उतरकर परखी हकीकत