हरिद्वार(प्रवीण कुमार) सिडकुल स्थित पेंटागन मॉल में संचालित कुछ स्पा सेंटर एक बार फिर चर्चाओं में हैं। स्पा सेंटरों का उद्देश्य लोगों को शारीरिक और मानसिक आराम प्रदान करना होता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ केंद्रों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि स्पा की आड़ में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी संबंधित एजेंसियों और पुलिस द्वारा कुछ स्पा सेंटरों पर कार्रवाई की जा चुकी है, बावजूद इसके विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे। जानकारी के अनुसार, इन स्पा सेंटरों में दिल्ली और बिजनौर की 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की 10 से ज्यादा युवतियां और महिलाएं कार्यरत हैं। हालांकि उनके पुलिस सत्यापन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर एक व्यक्ति ने दावा किया कि कुछ स्पा सेंटरों में निर्धारित सेवाओं से इतर गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले को लेकर जब सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल उनकी जानकारी में नहीं है। यदि किसी स्पा सेंटर में अवैध या नियम विरुद्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत प्राप्त होती है, तो जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
