बिजली उपभोक्ताओं के लिए “जनता दरबार” जैसा शिविर, शिकायतों का होगा मौके पर समाधान

Listen to this article

हरिद्वार (प्रवीण कुमार) बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उत्तराखण्ड पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। जिलाधिकारी के जनता दरबार की तर्ज पर अब विद्युत विभाग भी उपभोक्ताओं की शिकायतें सीधे सुनकर मौके पर निस्तारण करेगा।

मुख्य अभियन्ता (वितरण) शेखर चन्द्र त्रिपाठी के निर्देशानुसार 5 जून 2026 को प्रातः 09:30 बजे से अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड ज्वालापुर, हरिद्वार के कार्यालय परिसर में उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में खण्ड स्तर से लेकर अवर अभियन्ता स्तर तक के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर समाधान मिल सके।

इस पहल का उद्देश्य बिजली बिल, मीटर, लाइन, वोल्टेज, नए कनेक्शन एवं अन्य तकनीकी समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। अक्सर उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन इस शिविर के माध्यम से उन्हें सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्य अभियंता शेखर चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रशासन की यह पहल जनहित में एक बड़ा कदम है, जिससे न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी बल्कि विभाग और जनता के बीच संवाद भी मजबूत होगा। उन्होंने अपील की है कि अधिक से अधिक उपभोक्ता शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और मौके पर समाधान का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!