असर : स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनियमितताओं का मुद्दा गरमाया, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

Listen to this article

हरिद्वार(प्रवीण कुमार)धर्मनगरी हरिद्वार में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से संचालित हो रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। जन अधिकारी पार्टी-शक्ति की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी ने ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन से व्यापक जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्तान न्यूज़ टुडे ने इस खबर को सबसे पहले बृहस्पतिवार को प्रकाशित किया था। हेमा भंडारी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ सिडकुल स्थित पेंटागन मॉल में संचालित एक स्पा सेंटर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने स्पा सेंटर की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए और प्रशासन से इसकी जांच कराने की मांग की। उनके पहुंचने पर कुछ समय के लिए वहां हलचल का माहौल भी देखने को मिला।
हेमा भंडारी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान के लिए पूरे विश्व में जानी जाती है। ऐसे में यदि स्पा सेंटरों की आड़ में किसी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो यह प्रदेश की छवि और धर्मनगरी की गरिमा के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी राज्यों से आए कुछ कारोबारी उत्तराखंड की पवित्र पहचान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से स्पा सेंटरों को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। यदि इन शिकायतों में तथ्य हैं तो संबंधित विभागों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कुछ गतिविधियां नियमों के विपरीत हैं तो आखिर किसके संरक्षण में ऐसे प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं।
हेमा भंडारी ने आरोप लगाया कि कई बार ऐसे मामलों को उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाजहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को डराने या चुप कराने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से जिले में संचालित सभी स्पा सेंटरों की व्यापक जांच कराने, लाइसेंस, संचालन और नियमों के अनुपालन की समीक्षा करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
हेमा भंडारी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो जन अधिकारी पार्टी-शक्ति इस मुद्दे को जनजागरण अभियान के माध्यम से व्यापक स्तर पर उठाएगी। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी की मर्यादा और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!