हरिद्वार (गौरव कुमार)। सिडकुल क्षेत्र में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे श्रमिकों के बीच मंगलवार को सिडकुल पुलिस मानवता का संदेश देती नजर आई। भीषण गर्मी और तेज धूप में घंटों से प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने अपने स्तर से पानी की बोतलों की व्यवस्था कर उन्हें वितरित किया।
धरने पर बैठे मजदूरों को जब पुलिसकर्मियों ने पानी पिलाया तो वहां मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना की। श्रमिकों ने कहा कि जहां एक ओर वे अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं पुलिस का यह मानवीय व्यवहार उन्हें राहत देने वाला है।
सिडकुल एसओ अजय शाह का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रमिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई। पुलिस की इस संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
