वरिष्ठ पत्रकार की बाइक पर चोरों का हाथ साफ, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) धर्मनगरी हरिद्वार में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच अब एक बड़े अखबार के वरिष्ठ पत्रकार की बाइक चोरी होने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। विकास कॉलोनी स्थित अखबार के कार्यालय के बाहर खड़ी बाइक को देर रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार रोज की तरह अपनी बाइक कार्यालय के बाहर खड़ी कर काम में व्यस्त थे। देर रात अज्ञात चोर मौके पर पहुंचे और बाइक लेकर फरार हो गए। अगले दिन जब कार्यालय का अन्य स्टाफ वहां पहुंचा और वरिष्ठ पत्रकार को फील्ड में न देखकर कारण पूछा, तब बाइक चोरी की घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

बताया जा रहा है कि संबंधित पत्रकार अपने शांत और सौम्य स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने घटना के बाद भी कोई हंगामा नहीं किया, लेकिन जैसे ही यह खबर पत्रकार जगत और शहर में फैली, लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई। पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और वे किसी भी मौके को नहीं छोड़ रहे हैं।

घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि बाइक चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति बाइक चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस घटना के बाद पत्रकारों और नागरिकों ने शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जब एक वरिष्ठ पत्रकार का वाहन कार्यालय के बाहर से सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!