नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कुंभ कार्यों का लिया जायजा, निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त नंदन कुमार ने निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उन्होंने रोड़ी बेलवाला, पंतदीप सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति परखी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के सख्त निर्देश दिए। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दिन के साथ-साथ रात में भी निर्माण कार्य कराए जाएं, ताकि तय समयसीमा में सभी कार्य पूरे हो सकें। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए निर्धारित मानकों का पालन करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुंभ मेले में सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कॉम्पेक्टर और अन्य सफाई वाहनों के आवागमन एवं संचालन की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कूड़ा प्रबंधन और सफाई वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को कहा। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर की बुनियादी सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन को समय रहते मजबूत करना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित हरिद्वार उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!