देहरादून। 14 लाख रुपये की लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब बहस अपराध से आगे बढ़कर पुलिस की कार्रवाई और वर्दी के सम्मान तक पहुंच गई है। इंस्पेक्टर नरेश राठौर इस बहस के केंद्र में हैं। सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में बड़ी संख्या में लोग आवाज उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि अपराधी चाहे किसी भी संगठन से जुड़ा हो, कानून का शिकंजा उस पर कसना ही चाहिए।
लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति के बजरंग दल से जुड़े होने की बात सामने आने के बाद कुछ हिंदू संगठनों की ओर से इंस्पेक्टर की कार्रवाई पर सवाल उठाए जाने की चर्चा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक ओर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर लोग पुलिस अधिकारी के समर्थन में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
समर्थन में उठ रही आवाजों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि पुलिस अपराध के खिलाफ कार्रवाई करती है तो संगठन की पहचान बीच में क्यों आनी चाहिए? लोगों का कहना है कि वर्दी किसी संगठन के दबाव में नहीं, बल्कि संविधान और कानून के तहत काम करने के लिए होती है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर इंस्पेक्टर नरेश राठौर के समर्थन में आवाज तेज हो रही है। पूरे मामले में आरोपों की सच्चाई जांच से ही सामने आएगी, लेकिन बहस ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि कानून की नजर में सभी बराबर हैं तो फिर किसी की संगठनात्मक पहचान कार्रवाई के आड़े क्यों आए? उधर, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिली है उसकी जांच की जा रही है।



वर्दी के साथ खड़े हुए लोग, इंस्पेक्टर नरेश राठौर के समर्थन में सोशल मीडिया पर मुहिम