ऋषिकेश। मुनि की रेती में शनिवार को एक स्कूल बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आश्रम की दीवार तोड़ते हुए परिसर में जा घुसी। ढलान पर बेकाबू हुई बस को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बस में फिरोजाबाद से शैक्षिक भ्रमण पर आए छात्र-छात्राएं सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई। प्रधानाचार्य सहित चालक और परिचालक घायल हो गए।
घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। बस भद्रकाली से पूर्णानंद पार्किंग की ओर जा रही थी। ब्रह्मानंद मोड़ और पीडब्ल्यूडी तिराहे के बीच ढलान पर पहुंचते ही चालक का बस से नियंत्रण हट गया। बताया गया कि बस के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। देखते ही देखते बस सड़क पार कर आश्रम की दीवार से टकराते हुए अंदर जा घुसी। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे से पहले ही बस की ओवरलोडिंग का मामला भी सामने आ चुका था। रायवाला में परिवहन विभाग की टीम ने बस को रोककर जांच की थी। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर चालान किया गया और 17 अतिरिक्त छात्रों को उतारकर दूसरे वाहनों से भेजा गया था। इसके बावजूद कुछ ही देर बाद बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना ने स्कूली बच्चों के भ्रमण में वाहनों की सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



ढलान पर मौत बनकर दौड़ी स्कूल बस, दीवार तोड़ आश्रम में घुसी