दुःखद : पति की मौत की खबर मिली, कुछ घंटों बाद पत्नी ने भी दुनिया को कहा अलविदा

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाने वाले पति-पत्नी की कहानी रविवार को एक दर्दनाक अंत तक पहुंच गई। मध्य प्रदेश के रीवा में पति की हार्ट अटैक से मौत की खबर मिली तो पिथौरागढ़ में रह रही पत्नी इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकी। कुछ ही घंटों बाद उसका शव एक तालाब से बरामद हुआ। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कुमौड़ गांव निवासी 35 वर्षीय वैशाली खड़ायत ने करीब पांच वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश के रीवा निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने परिवार और समाज की परवाह किए बिना अपने रिश्ते को जीवनभर निभाने का संकल्प लिया था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
रविवार सुबह वैशाली को सूचना मिली कि उनके पति की रीवा में अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई है। पति के निधन की खबर सुनते ही वह गहरे सदमे में चली गईं। परिजनों के मुताबिक वह बार-बार पति को याद कर रो रही थीं और मानसिक रूप से बेहद विचलित नजर आ रही थीं। कुछ समय बाद वह घर से निकल गईं, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।
दोपहर बाद नैनीसैनी गांव स्थित एक तालाब में स्थानीय लोगों ने एक महिला का शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही जाजरदेवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। पहचान होने पर पता चला कि शव वैशाली खड़ायत का है। घटना की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विवाह को पांच वर्ष हुए हैं, इसलिए नियमानुसार डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि दंपति की कोई संतान नहीं थी। एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत की खबर ने हर किसी को भावुक कर दिया है। जिस प्रेम कहानी ने पांच साल पहले नई शुरुआत की थी, उसका अंत इतनी दुखद परिस्थितियों में होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!