हरिद्वार(गौरव कुमार) आर्य कन्या इंटर कॉलेज में गुरुवार सुबह मिड-डे मील बनाते समय कुकर का ढक्कन अचानक फट जाने से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर कक्षाओं में पढ़ रही छात्राएं घबरा गईं और कई छात्राएं डर के कारण बाहर निकल आईं। कुछ देर के लिए विद्यालय में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बहादराबाद आर्य कन्या इंटर कॉलेज की रसोई में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान प्रेशर कुकर का ढक्कन अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर छात्राओं और शिक्षकों को पहले लगा कि सिलेंडर फट गया है। आवाज सुनते ही खाना बना रही महिला भी घबरा गई और इधर-उधर दौड़ने लगी।घटना के बाद विद्यालय स्टाफ ने तुरंत छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और स्थिति स्पष्ट की। शिक्षकों ने बताया कि सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित है और केवल कुकर का ढक्कन फटा था। इसके बाद छात्राओं और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।विद्यालय प्रशासन का कहना है कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। खाना बना रही महिला भी पूरी तरह सुरक्षित है। प्रशासन ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते कुकर का ढक्कन फट गया था, जिससे तेज आवाज हुई।
आर्य कन्या इंटर कॉलेज में कुकर धमाका बच्चों में दहशत
