रामनगर। हल्द्वानी में आयोजित कांग्रेस रैली के बाद रैली स्थल को कथित तौर पर गंगाजल से शुद्ध किए जाने के विरोध में रामनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेसजनों ने नारेबाजी करते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष मालधन ओम प्रकाश ने किया। नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के बाद रैली स्थल का कथित शुद्धिकरण किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं समाज में गलत संदेश देने के साथ सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं।
कांग्रेस एससी-एसटी प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष गिरधारी लाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना केवल कांग्रेस का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता पर भी सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता भुवन पांडे ने भाजपा नेता जेपी नड्डा की ओर से माफी मांगे जाने को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि केवल माफी से यह मामला खत्म नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नैनीताल पुलिस प्रशासन पर भी मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना से भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता सामने आती है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पूरे मामले की तत्काल जांच, जिम्मेदार लोगों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।