हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस को लेकर हरिद्वार जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 15 अगस्त के मद्देनजर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए पुलिस ने चेकिंग और गश्त अभियान तेज कर दिया है। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों के साथ होटल, धर्मशाला और ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां संदिग्ध गतिविधियों की आशंका हो सकती है।
हरिद्वार शहर से लेकर सिडकुल, रानीपुर, ज्वालापुर, बहादराबाद, रुड़की, झबरेड़ा, कलियर, श्यामपुर, मंगलौर, बुग्गावाला और भगवानपुर समेत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर रही हैं। प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और आने-जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों की जानकारी की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने होटल संचालकों और स्थानीय लोगों से भी संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
कलियर में 758वें सालाना उर्स मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी की गई है। यहां पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने फ्लैग मार्च कर संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन किया।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट फोकस स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के साथ किसी भी संभावित खतरे से पहले ही निपटने पर है। जिलेभर में पुलिस की सतर्कता 15 अगस्त के कार्यक्रम संपन्न होने तक जारी रहेगी।