हरिद्वार। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 65 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किए जाने के बीच कांग्रेस ने सरकार के दावों पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने विकास और उपलब्धियों के दावों के बजाय सरकार से रोजगार, शिक्षा और भर्ती व्यवस्था का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने तीन प्रमुख मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग करते हुए भाजपा को घेरा।
सोमवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य नेताओं ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, लेकिन कांग्रेस इन दावों का जवाब आंकड़ों के आधार पर चाहती है। उन्होंने भाजपा के 65 सीटें जीतने के लक्ष्य पर तंज कसते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी ढाई सीटों का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी। यह उनका राजनीतिक दावा है।
आलोक शर्मा ने कहा कि सरकार सबसे पहले अग्निवीर योजना का हिसाब दे। उत्तराखंड से भाजपा सरकार के कार्यकाल में कितने युवा अग्निवीर बने और इससे पहले सेना में कितनी भर्तियां हुईं, इसका ब्योरा सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने दूसरा सवाल सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर उठाया। कांग्रेस ने पूछा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के कितने सरकारी स्कूल बंद हुए। तीसरे मुद्दे पर भर्ती घोटालों को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि इन मामलों में कितने लोग जेल गए, परीक्षाओं में कितने अभ्यर्थी शामिल हुए और कितने युवाओं की परीक्षा फीस वापस की गई।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार तीनों मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करे। उनके मुताबिक, जनता को चुनाव से पहले सरकार के दावों और वास्तविक आंकड़ों की जानकारी मिलनी चाहिए।



भाजपा के 65 सीटों के लक्ष्य पर कांग्रेस का तंज, ढाई सीटें जीतना भी होगा मुश्किल: आलोक शर्मा