हरिद्वार। गांव में शव दफनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और हमले के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर पिता-पुत्र समेत कुल 30 लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेड़ी सिकोहपुर निवासी शकील ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आठ अगस्त की सुबह कुछ लोग उनके निजी कब्रिस्तान में शव दफनाने के लिए कब्र खोद रहे थे। विरोध करने पर वह और उनके भाई शमीम घर से बाहर आए तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। तहरीर में देशी कट्टा लहराने का आरोप भी लगाया गया है। शकील पक्ष ने शमीम और साकिब समेत कई लोगों के घायल होने की बात कही है।
वहीं दूसरे पक्ष के कलीम पुत्र सलीम ने पुलिस को बताया कि उनकी दादी हसीना की सात अगस्त को मृत्यु हुई थी। आठ अगस्त को शव दफनाने की तैयारी के दौरान शकील, राशिद और शमीम ने कब्रिस्तान को लेकर कथित तौर पर विवाद शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और दूसरे कब्रिस्तान में दफनाने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद शकील पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और मारपीट की। बीच-बचाव में बुरहान, मेहबान और आरिस को चोटें आईं।
कलीम ने आरोप लगाया कि शव को दफनाने ले जाते समय भी दूसरे पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर विवाद करने पर उतारू थे। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुल 30 लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
कब्रिस्तान में दफन को लेकर दो पक्षों में झगड़ा, 30 पर क्रॉस केस