मकान का कब्जा नहीं मिलने पर कारोबारी को हत्या की धमकी

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। आवासीय मकान खरीदने के बाद कब्जा नहीं मिलने और बकाया रकम को लेकर चल रहे विवाद में कारोबारी ने विक्रेता पर गालीगलौज कर सपरिवार हत्या कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने उसके कार्यालय के बाहर उसकी फोटो खींची और फोटो पेशेवर कातिलों को भेजने की बात कहते हुए दो दिन में रुपये नहीं देने पर जान से मरवाने की धमकी दी। शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कनखल के अखंड नगर निवासी मुनीष चावला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने वर्ष 2024 में भूपतवाला कलां स्थित शिवम एन्क्लेव में 2500 वर्गफुट का आवासीय मकान मनीष कुमार निवासी रामघाट से 86 लाख 61 हजार रुपये में खरीदा था। एक जून 2024 को विक्रय पत्र पंजीकृत हुआ। 27 लाख 61 हजार रुपये देने के बाद शेष 59 लाख रुपये के दो चेक दिए गए थे। आरोप है कि मकान में रह रहे व्यक्ति का कब्जा हटने के बाद चेकों का भुगतान करने की सहमति बनी थी, लेकिन विक्रेता ने कब्जा नहीं दिलाया। मुनीष का आरोप है कि विक्रेता को न्यायालय के आदेश की जानकारी थी, फिर भी यह तथ्य छिपाकर उससे मकान का सौदा किया गया। इसके बाद उसने दोनों चेकों का भुगतान रुकवा दिया। तहरीर के अनुसार तीन मई 2025 को विष्णुघाट के पास आरोपी ने गालीगलौज करते हुए सपरिवार जान से मरवाने की धमकी दी। वहीं, 17 अगस्त 2026 को आरोपी उसके कार्यालय के बाहर आया और उसकी फोटो खींची। शाम को फोटो खींचने का कारण पूछने पर कथित तौर पर कहा कि फोटो पेशेवर कातिलों को भेजने के लिए खींची है और दो दिन में रुपये नहीं देने पर उसे मरवा देगा।कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!