समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर भारतीय व्यापार मंडल ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। बहादराबाद स्थित विधायक आवास कैंप कार्यालय पर बुधवार को भारतीय व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान से मुलाकात कर सराय क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सराय रोड के पुनर्निर्माण, क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने, पुलिस पिकेट स्थापित करने, पुलिस गश्त बढ़ाने समेत सराय क्षेत्र की कई अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की गई। इस दौरान भारतीय व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप मेहता ने कहा कि सराय क्षेत्र में व्यापारियों और आम लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विधायक से जनहित से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। जिला अध्यक्ष आलोक चौहान और सराय अध्यक्ष पंकज बंसल ने कहा कि क्षेत्र के विकास और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। विधायक आदेश चौहान ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि व्यापारियों और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में नगर अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय मेहता, सराय अध्यक्ष पंकज बंसल, विनोद चौहान, अनिल शर्मा सहित भारतीय व्यापार मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!