सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश, एनएसएस स्थापना दिवस पर पौधरोपण

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। पीबी म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस के लक्ष्य गीत के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वयं से पहले समाज और राष्ट्र की सेवा करने का संदेश दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।जिला समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. एसपी सिंह ने योजना के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वयंसेवियों से रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मेघ राज सिंह ने कहा कि एनएसएस केवल गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भाव विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों रजत शर्मा, सन्नी, साक्षी, तनिष्क प्रताप और आर्यन सहित अन्य विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में फलदार और छायादार पौधे लगाए। उन्होंने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प भी लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को प्रधानाचार्य ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पूनम शर्मा, दिव्या कुमारी, सचिन कुमार, दीपक कुमार, गौरी, इशिका, गुनगुन, सुखविंदर, करन शर्मा, जितेंद्र, मौ शाकिर और सादिक सहित अनेक विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!