हरिद्वार (गौरव कुमार) भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के हरिद्वार में आयोजित चार दिवसीय चिंतन शिविर के समापन अवसर पर संगठन ने गढ़वाल मंडल में अपनी संगठनात्मक और मीडिया गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ पत्रकार बिक्रमजीत सिंह को गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर नई जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर राकेश टिकैत ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों के अधिकारों, उनकी समस्याओं और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिक्रमजीत सिंह के अनुभव और मीडिया क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका का लाभ संगठन को मिलेगा। उनके नेतृत्व में गढ़वाल मंडल में संगठन की गतिविधियां अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचेंगी और किसानों की आवाज को व्यापक मंच मिलेगा।
नवनियुक्त गढ़वाल मंडल मीडिया प्रभारी बिक्रमजीत सिंह ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं, उनके संघर्षों तथा संगठन के जनहितकारी अभियानों को प्रमुखता से समाज और मीडिया के समक्ष रखने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में बाबा पंडत, संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य सूबा सिंह ढिल्लों, गुरुमेल बाजवा, अमीर सिंह, सुरेंद्र सिंह खालसा, गुरुपेज सिंह ढिल्लों, आकाश सचदेवा, पंकज चौधरी, जोगिंदर सिंह ढिल्लों, सुरेंद्र लाडी, भूपेंद्र सिंह, बबीता सिंह, सुखबीर कौर, मनीषा सहित बड़ी संख्या में किसान नेता एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने इस नियुक्ति को किसानों की आवाज को और अधिक मजबूती देने वाला कदम बताया।
