हरिद्वार(गौरव कुमार) सिडकुल थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे के मामले में चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 13 जून को रसूलपुर टोंगिया निवासी ज्ञानेश्वर पुत्र संतू शाम करीब साढ़े सात बजे टीवीएस एक्सएल सुपर से घर लौट रहे थे। डालूवाला मजबता गुर्जर बस्ती स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार और नशे की हालत में आ रहे एक बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में ज्ञानेश्वर के सिर, छाती और पैर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
राहगीरों की मदद से उसे पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे भगवानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया, बाद में 15 जून को हालत बिगड़ने पर एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वहां उनक उपचार चल रहा है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हादसा करने वाला युवक ईसम पुत्र टिड्डा निवासी डालूवाला खुर्द है। वह घटना के बाद मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सड़क हादसे में गंभीर घायल बुजुर्ग, चार दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
