हरिद्वार(गौरव कुमार) दिनारपुर में गंडासों से हुए जानलेवा हमले के बाद अब मामला आंदोलन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। गंभीर रूप से घायल रजत शर्मा की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और चिकित्सकों ने अगले 72 घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए हैं। इस बीच आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
रविवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, पीड़ित परिवार के सदस्य और समर्थक थाना पथरी पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान लोगों ने कहा कि दिनदहाड़े हुए इस खूनी हमले के बाद भी नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो ग्रामीणों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पहले थाना पथरी पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को जिला स्तर तक ले जाया जाएगा। परिजनों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार का समर्थन करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और न्याय का मामला है। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि पुलिस ने तेजी नहीं दिखाई तो जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
उधर थाना पथरी पुलिस ने पीड़ित पक्ष को आश्वस्त किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि शनिवार को दिनारपुर में हुए खूनी हमले में रजत शर्मा और विनोद शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले में गंडासों सहित धारदार हथियारों के इस्तेमाल का आरोप है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
