हरिद्वार(गौरव कुमार) बीमा पॉलिसी कराने का झांसा देकर आईआईटी रुड़की के एक कर्मचारी से करीब 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुट गई है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के सोलानीपुरम निवासी आईआईटी कर्मचारी कौशिक पाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने खुद को एक प्रतिष्ठित बीमा कंपनी का एजेंट बताया। आरोपी ने आकर्षक बीमा योजना का हवाला देते हुए उन्हें निवेश और बीमा कराने के लिए प्रेरित किया। भरोसा जीतने के लिए उसने खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि बताते हुए विभिन्न दस्तावेज भी दिखाए।
पीड़ित के अनुसार आरोपी के झांसे में आकर उन्होंने नियमित रूप से हर माह 25 हजार रुपये की राशि उसे देना शुरू कर दिया। आरोपी उन्हें विश्वास दिलाता रहा कि जमा की जा रही रकम उनके बीमा खाते में जमा हो रही है। भरोसा कायम रखने के लिए उसने पासबुक और चेकबुक भी उपलब्ध कराई, जिससे उन्हें किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ।
कौशिक पाल ने बताया कि कुछ समय बाद आरोपी पासबुक में एंट्री कराने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद जब भी उन्होंने पासबुक वापस मांगी, आरोपी कभी बैंक का सर्वर खराब होने तो कभी संबंधित कर्मचारी के उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाता रहा। लगातार टालमटोल किए जाने पर उन्हें संदेह हुआ।
संदेह बढ़ने पर पीड़ित ने स्वयं संबंधित बैंक और बीमा कंपनी से संपर्क कर जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि जिस खाते में रकम जमा होने की बात कही जा रही थी, उसमें करीब 10 लाख रुपये की राशि जमा ही नहीं कराई गई थी। यह जानकारी मिलते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पीड़ित ने आरोपी से संपर्क कर अपनी रकम वापस मांगी। शुरुआत में आरोपी ने जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह लगातार बहाने बनाकर समय टालता रहा। कुछ समय बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया और संपर्क से बाहर हो गया।
इसके बाद पीड़ित ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की और विभिन्न तथ्यों तथा दस्तावेजों की पड़ताल की।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।
