देहरादून (प्रवीण कुमार) दून बुक फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित लिटरेचर फेस्ट में बुधवार को भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। वे 8 अप्रैल 2026 को प्रातः 11 बजे दूनवासियों से रूबरू होंगे और अंतरिक्ष मिशनों से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन से जुड़े हुए हैं। इस अवसर पर वे अंतरिक्ष विज्ञान की संभावनाओं, भारत की प्रगति और इस क्षेत्र में युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। साथ ही, कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं के सवालों के जवाब भी देंगे।
उल्लेखनीय है कि शुभांशु शुक्ला, राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं और वे Axiom Mission 4 से भी जुड़े रहे हैं। उन्हें देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया जा चुका है।
इस सत्र का संचालन युवराज मलिक करेंगे, जो नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक हैं। महोत्सव में इस विशेष सत्र को लेकर छात्रों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
