हरिद्वार (गौरव कुमार) बहादराबाद टोल प्लाज़ा पर कथित मनमानी वसूली और स्थानीय लोगों के साथ बदसलूकी के विरोध में मंगलवार को किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक रवि बहादुर सिंह ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि टोल कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों से जबरन शुल्क लिया जा रहा है, जबकि नियमानुसार निर्धारित दूरी के भीतर छूट मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले से बनी लोकल लाइन बंद कर दी गई है, जिससे जाम और परेशानी बढ़ गई है।
विधायक ने कहा कि बाहरी कर्मचारियों की तैनाती से विवाद की स्थिति बन रही है और टोल संचालन में पारदर्शिता नहीं है। उन्होंने लोकल लाइन बहाल करने, वसूली में सुधार और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग की।
चेतावनी दी गई कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं टोल प्रबंधन ने नियमों के तहत कार्य करने की बात कही।
