हरिद्वार(गौरव कुमार) पुलिस परिवार ने अपने कर्तव्यनिष्ठ श्वान “रॉक्सी” को भावभीनी विदाई दी। पुलिस लाइन रोशनाबाद में पूरे सम्मान के साथ रॉक्सी को अंतिम सलामी दी गई। लगभग 12 वर्षों तक सेवा देने वाले इस प्रशिक्षित श्वान ने विस्फोटक एवं बारूदी पदार्थों की पहचान में विशेष दक्षता दिखाई और कई महत्वपूर्ण अभियानों में अपनी उपयोगिता सिद्ध की।
रॉक्सी ने कुंभ मेला, कांवड़ मेला, हरकी पैड़ी और पिरान कलियर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा जांच के दौरान अहम भूमिका निभाई। वीआईपी ड्यूटी, चेकिंग अभियान और बड़े आयोजनों में उसकी सतर्कता हमेशा सराहनीय रही।
अंतिम सलामी के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, बीडीएस स्टाफ और अन्य पुलिसकर्मियों ने रॉक्सी को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा का साधन नहीं, बल्कि पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य होते हैं।
हरिद्वार पुलिस ने रॉक्सी की सेवाओं को सम्मानपूर्वक याद करते हुए कहा कि उसकी निष्ठा और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
