हरिद्वार (गौरव कुमार) मंडावर क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क हादसे में हरिद्वार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार सुबह रानीपुर रोड करीब पांच बजे कार चालक को नींद आने के चलते वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुल्तान निवासी ग्राम करौंदी, थाना भगवानपुर और राजा निवासी ग्राम सिकंदरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। वहीं अजहरुद्दीन निवासी कमालपुर टापू, यमुनानगर हरियाणा इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, तीनों लोग हरदोई से अपने गांव सिकंदरपुर लौट रहे थे। लंबी दूरी की यात्रा और थकान के कारण चालक को झपकी आ गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही मंडावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बिजनौर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
