हरिद्वार(प्रवीण कुमार)तहसील क्षेत्र के ग्राम गढ़ में ग्राम समाज की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव निवासी नसीम पुत्र जहांगीर ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज ग्राम समाज की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार खाता संख्या 387 के अंतर्गत खसरा संख्या 468 की भूमि ग्राम समाज की संपत्ति है, जो राजस्व रिकॉर्ड में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने इस भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है तथा वहां गेट भी लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि तालाब की भूमि पर कब्जा हो गया तो गांव के जल निकासी तंत्र पर असर पड़ेगा और बरसात के दौरान गंदा पानी सड़कों पर बहने से बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में ग्राम प्रधान को भी अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी हरिद्वार से किए जाने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता का दावा है कि निरीक्षण के दौरान पटवारी ने भूमि को सरकारी भूमि बताया और निर्माण कार्य न करने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भूमि को कब्जा मुक्त कराने, निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच पूरी होने तक मौके पर यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है। मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बताई जा रही है।
