देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की आगामी दिनों की चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यभर में हाई अलर्ट के निर्देश दिए हैं। बुधवार सुबह मुख्यमंत्री ने सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों की स्थिति की जानकारी ली और संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (एनडीआरएफ), जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ हाई अलर्ट पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना विलंब शुरू किया जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नदी-नालों के जलस्तर पर सतत नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और हर घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार पूरे प्रदेश की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा से पहले मौसम और मार्ग की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल प्रशासन और अधिकृत सरकारी माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
भारी बारिश के खतरे पर धामी सरकार हाई अलर्ट, सभी एजेंसियों को मुस्तैद रहने के निर्देश