दहेज में कार और पांच लाख की मांग, विवाहिता से मारपीट कर घर से निकाला; पति समेत 10 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार)। मायके से कार और पांच लाख रुपये नहीं लाने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर कई बार भूखा रखने, कमरे में बंद करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर ज्वालापुर पुलिस ने पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जगजीतपुर कनखल निवासी आरती कश्यप ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 27 जून 2023 को सीतापुर माजरा निवासी अंकित कुमार से हुआ था। आरती के मुताबिक शादी में मायके वालों ने करीब 10 लाख रुपये का सामान दिया था और करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज लाने का ताना देने लगा और मायके से कार व पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। आरती का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर पति अंकित कुमार, सास पूजा, ससुर गोपाल और ननद ज्योति समेत अन्य रिश्तेदार उसके साथ अभद्रता और मारपीट करते थे। कई बार उसे खाना नहीं दिया गया और कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि बाद में उसे घर से निकाल दिया गया। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि कानूनी कार्रवाई करने पर उसके भाइयों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!