हरिद्वार(गौरव कुमार) चमोली के दूरस्थ विकासखंड देवाल में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और कई सौ मीटर नीचे बह रही केल नदी में समा गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि वाहन अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह गहरी खाई में लुढ़कते हुए नदी तक पहुंच गया। दुर्घटना के दौरान वाहन में सवार एक महिला और एक बच्चा वाहन से बाहर छिटककर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
स्थानीय जनप्रतिनिधि महावीर बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके के लिए रवाना हो गईं। नदी का तेज बहाव और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा घायलों को उपचार उपलब्ध कराने और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
