हरिद्वार(प्रवीण कुमार) सिडकुल क्षेत्र की दो कंपनियों में हड़ताल और प्रदर्शन के बाद पुलिस ने यूनियन नेताओं समेत 22 श्रमिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कंपनियों का आरोप है कि कर्मचारियों को उकसाकर उत्पादन कार्य बाधित कराया गया और कंपनी की छवि खराब की गई। जबकि श्रमिकों का कहना था कि वह अपने हक हकूक की लड़ाई लड़ रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैम्पस एक्टिवियर लिमिटेड के एचआर प्रबंधक हरेन्द्र यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ मई को कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने बाहरी लोगों के साथ मिलकर हड़ताल की। आरोप है कि इंकलाब मजदूर यूनियन से जुड़े पंकज बावड़ी, जयप्रकाश और नीता ने कर्मचारियों को उकसाकर कंपनी का कामकाज ठप कराया। कर्मचारियों ने कंपनी गेट पर नारेबाजी और प्रदर्शन किया, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई।
वहीं, हैमिल्टन हाउसवेयर प्राइवेट लिमिटेड यूनिट-2 के एचआर प्रबंधक मयूर चौहान ने भी शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि नौ मई को यूनियन से जुड़े कुछ लोगों ने कंपनी परिसर में हंगामा किया और कर्मचारियों को हड़ताल के लिए उकसाया। प्रदर्शन के चलते कंपनी गेट पर जाम जैसे हालात बन गए।
थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
