हरिद्वार(प्रवीण कुमार) भारतीय जनता पार्टी ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के कैंप कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को राजनीतिक हताशा और बौखलाहट करार दिया है। भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच अपना जनाधार खो चुकी है और केवल राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए अनावश्यक प्रदर्शन कर रही है।
उन्होंने कहा कि विधायक आदेश चौहान द्वारा रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों और जनता से उनके निरंतर संवाद ने कांग्रेस को असहज कर दिया है। इसी कारण कांग्रेस के कुछ नेता केवल सुर्खियां बटोरने के लिए इस प्रकार के प्रदर्शन कर रहे हैं।
अतुल वशिष्ठ ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनाव नजदीक आते ही सक्रिय होते हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पूरे पांच वर्ष जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे जनता का भाजपा पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आरोप निराधार हैं और ऐसे राजनीतिक हथकंडों से विकास कार्यों की गति नहीं रुकने वाली। रानीपुर की जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है और आने वाले समय में भी भाजपा को अपना समर्थन प्रदान करेगी।
