हरिद्वार (प्रवीण कुमार) बहादराबाद क्षेत्र में हुए राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी Navneet Singh ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मृतक राजवीर सिंह की शादीशुदा बेटी के प्रेम संबंध इस हत्या की वजह बने। आरोपी पंकज कुमार मृतक की बेटी से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन राजवीर इसका विरोध कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल को राजवीर सिंह निवासी बिजनौर की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध पंकज कुमार को कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के बाहर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी छोटे लाल के साथ मिलकर 26 अप्रैल की शाम राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बोंगला अंडरपास के पास खेत में बुलाया और हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा, स्प्लेंडर बाइक, मृतक का मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
