जंगली हाथी का कहर: दो लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) कोतवाली क्षेत्र के शाह पठानी इलाके में जंगली हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। घटना तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के अंतर्गत मंगलवार देर रात हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, हाथी ने खेतों के पास खत्ते में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में बांधो प्रजापति (75 वर्ष) निवासी झारखंड, जो खेतों में चौकीदारी का काम करते थे, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर था।


सूचना पर लालकुआं वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


तराई केंद्रीय वन प्रभाग के अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी सहित पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।


वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों को जंगल के नजदीक न जाने की सलाह दी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!