“वायरल वीडियो ने खोली पोल : “100 ट्रैक्टर ट्रालियों से ‘खनन कांड’, प्रधान पर कार्रवाई की तलवार”

Listen to this article

हरिद्वार। जनपद के भगवानपुर ब्लॉक स्थित ग्राम बुधवा शहीद में पंचायत भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। ग्राम प्रधान पर आरोप है कि उन्होंने जेसीबी मशीन लगवाकर 100 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों के जरिए पंचायत की जमीन से खनन कर सरकार को लाखों-करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि पंचायत स्तर पर भूमि की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की होती है, लेकिन यहां उसी जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति पर नियमों की अनदेखी कर अवैध खनन कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले को उस समय तूल मिला जब एक स्थानीय व्यक्ति ने खनन की पूरी गतिविधि का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हलचल तेज हो गई है और मामला जिलाधिकारी तक पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। संबंधित विभागों से रिपोर्ट तलब की गई है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत की भूमि पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो सकती है। अब सबकी निगाहें जिलाधिकारी के फैसले पर टिकी हैं कि इस मामले में ग्राम प्रधान के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!