हरिद्वार (गौरव कुमार) नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की उत्तराखंड इकाई में एक बड़ा संगठनात्मक निर्णय लिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार के जिला अध्यक्ष नरेश गुप्ता को संगठन विरोधी गतिविधियों और संदिग्ध कार्यकलापों के आरोपों के चलते NUJ (I) की प्राथमिक सदस्यता से आजीवन निष्कासित कर दिया गया है।
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संगठन की गरिमा और अनुशासन को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की संगठन विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संगठन की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विकास झा को हरिद्वार जिले का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें आगामी आदेश तक जिले में संगठन की जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में अनुशासनहीनता या संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को सख्ती से लिया जाएगा।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की कि वे संगठन के नियमों और सिद्धांतों का पालन करते हुए एकजुटता बनाए रखें।
NUJ (I) हरिद्वार जिलाध्यक्ष नरेश गुप्ता आजीवन निष्कासित, विकास झा को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी
