हरिद्वार (गौरव कुमार) गंगा तट पर हो रहे अवैध निर्माणों को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब जमीनी स्तर पर नजर आने लगा है। प्रमुखता से मामला उठने के बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण हरकत में आया और श्यामपुर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के सख्त निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने श्यामपुर क्षेत्र में गंगा किनारे चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और मानकों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित निर्माणों को सील कर दिया गया और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कार्रवाई के दौरान नमामि गंगे घाट के पास एक गंभीर मामला भी सामने आया, जहां पहले से सील किए गए निर्माण को बिल्डर द्वारा तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। इस पर प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सील तोड़ना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सील तोड़कर निर्माण करना पड़ा भारी, नमामि गंगे घाट के पास अवैध निर्माण पर कसा शिकंजा
