हरिद्वार(गौरव कुमार) फ्लाईओवर और नेशनल हाईवे पर गलत तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए गए विशेष अभियान में 26 वाहन चालकों के चालान किए गए।
कोतवाली भगवानपुर पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फ्लाईओवर और नेशनल हाईवे पर अवैध पार्किंग की शिकायतें मिल रही थीं। लोग अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। इसी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने फ्लाईओवर और हाईवे पर खड़े वाहनों पर क्लैम्प लगाए और क्रेन की मदद से कई वाहनों को हटाया। इस कार्रवाई के तहत कुल 26 वाहन चालकों के चालान काटे गए।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि फ्लाईओवर और नेशनल हाईवे पर वाहन खड़ा करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे गंभीर हादसे भी हो सकते हैं। सभी को अपने वाहन निर्धारित और सुरक्षित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने के लिए जागरूक किया गया।
