HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। रानीपुर पुलिस और देहरादून एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2024 में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म के एक सनसनीखेज मामले में डेढ़ साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के ईनामी आरोपी आरिफ को रविवार को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया गया।
मामला साल 2024 का है जब एक पीड़िता के पिता ने कोतवाली रानीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अज्ञात व्यक्ति ने दुष्कर्म किया है। मुकदमा दर्ज हुआ था। पॉक्सो एक्ट के तहत। विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र कल्लू, निवासी रुरा बटोली (बटवाली), थाना रुरा, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई।
घटना के बाद से ही आरिफ फरार था। रानीपुर पुलिस ने लगातार दबिशें दीं, लेकिन सफलता नहीं मिली तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार मिल रहे इनपुट के आधार पर एसटीएफ देहरादून की टीम ने रानीपुर पुलिस के साथ मिलकर सघन छापेमारी की। आखिरकार को आरोपी को मोहाली, पंजाब से दबोच लिया गया। उसे सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी में रानीपुर पुलिस से प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार व कांस्टेबल रमेश रावत तथा एसटीएफ टीम से अपर उप निरीक्षक मनोज बेनिवाल, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह रावत, कांस्टेबल बीरेंद्र राणा, दीपक चंदोला व रवि पंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।