HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। राष्ट्रीय सनातनी संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रंजीत मिश्रा ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर नगर आयुक्त से मुलाकात की और महाराजा भागीरथ बिंदु स्थान (भूपतवाला) में महाराजा भागीरथ की प्रतिमा के समीप स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
नगर निगम अधिकारियों ने संगठन को आश्वासन दिया कि दिसंबर माह के अंत तक संबंधित स्थान पर स्ट्रीट लाइट का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
रंजीत मिश्रा ने कहा कि प्रकाश व्यवस्था होने से महाराजा भागीरथ की प्रतिमा का सम्मान तो बढ़ेगा ही, साथ ही रात्रि के समय वहां एकत्र होने वाले असामाजिक तत्वों पर भी अंकुश लगेगा तथा इस पवित्र स्थल की गरिमा बरकरार रहेगी।
राष्ट्रीय सनातनी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज सैनी ने इस अवसर पर कहा कि संगठन महाराजा भागीरथ को समर्पित है और उनके उचित सम्मान के लिए हर संभव प्रयास करता रहेगा। उन्होंने सभी सनातनियों से आगे आने का आह्वान किया तथा घोषणा की कि शीघ्र ही गंगा तट के हर प्रमुख घाट पर महाराजा भागीरथ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से लेकर गौमुख से गंगासागर तक गंगा के इतिहास में अब तक जो कार्य नहीं हुआ, उसे राष्ट्रीय सनातनी संगठन पूरा करेगा और एक नया इतिहास रचेगा। संगठन ने इस कार्य में शासन-प्रशासन से पूर्ण सहयोग की अपील भी की।