हरिद्वार(गौरव कुमार) हरिद्वार की राजनीति में आजाद समाज पार्टी ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल करते हुए सहकारिता क्षेत्र में अपना खाता खोल दिया है। बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड दौलतपुर में हुए चुनाव में तेज प्रताप सैनी जिला सहकारी बैंक डायरेक्टर पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद असपा और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने इसे किसानों, युवाओं और सामाजिक न्याय की आवाज की जीत बताया। उनका कहना है कि तेज प्रताप सैनी लंबे समय से जनहित और सामाजिक मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार हरिद्वार जिले में असपा की यह पहली बड़ी संगठनात्मक सफलता मानी जा रही है, जिससे पार्टी को ग्रामीण क्षेत्रों और सहकारिता संस्थाओं में नई मजबूती मिलने की संभावना है।
निर्वाचन के बाद तेज प्रताप सैनी ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनता के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
