HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र एवं हरिद्वार लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके वीरेन्द्र रावत के कथित आपत्तिजनक आडियो क्लिप की जांच पुलिस ने तेज कर दी है। इस आडियो में वीरेन्द्र रावत की किसी महिला से कथित अश्लील बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।
आडियो वायरल होने के बाद वीरेन्द्र रावत ने इसे अपनी छवि धूमिल करने की साजिश बताते हुए ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने कहा था कि उनकी आवाज का दुरुपयोग कर फर्जी आडियो बनाया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद ज्वालापुर पुलिस के साथ-साथ साइबर क्राइम टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने अब तक कई संदिग्ध आरोपियों के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा आडियो की फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। सोशल मीडिया पर आडियो फैलाने वालों की पहचान करने के लिए भी तकनीकी जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर कोण से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही तथ्य सामने आ जाएंगे।