राजफाश :- हरिद्वार में राजमिस्त्री की हत्या का खुलासा, शराब के पैसे को लेकर साथी ने किया कत्ल, -दीपक मौर्य-

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने एक राजमिस्त्री की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्यारोपी सतेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया, जिसने अपने साथी मजदूर रामनिवास की हत्या शराब के पैसे के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में की थी। यह घटना 14 अक्टूबर को एक निर्माणाधीन मकान में हुई थी।

मृतक रामनिवास के भाई नारद, शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश निवासी, ने 14 अक्टूबर को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई की हत्या हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 737/25, धारा 103(1) बीएनएस दर्ज किया। जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने सुराग तलाशते हुए 5 नवंबर 2025 को संदिग्ध सतेन्द्र, पुत्र सोहनवीर, निवासी ग्राम खटकी, थाना परिक्षितगढ़, मेरठ, उत्तर प्रदेश को बंधा रोड, हरिद्वार से हिरासत में लिया।

पूछताछ में सतेन्द्र ने बताया कि वह और रामनिवास निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का काम करते थे। दोनों में दोस्ती हो गई और छुट्टी के बाद रायवाला जाकर शराब पीने की आदत बन गई। 14 अक्टूबर को ठेकेदार से इनाम के 500 रुपये मिले, जिसमें रामनिवास को 300 और सतेन्द्र को 200 रुपये मिले। रायवाला से शराब पीकर लौटने के बाद पैसे के बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में सतेन्द्र ने रामनिवास की हत्या कर दी।

पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जांच में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाडी, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी और कांस्टेबल सुशील कोठियाल की भूमिका रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!