प्रेमनगर में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत, पुलिस ने एक को हिरासत में लिया, दीपक मौर्य

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर पॉवर हाउस के पास स्मिथनगर रोड पर रविवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अरुण कुमार उर्फ डी.के., पुत्र तिलकराज, निवासी पहाड़गंज, दिल्ली (हाल पता: स्मिथनगर, प्रेमनगर) के रूप में हुई। वह कई वर्षों से देहरादून में रह रहा था। पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क पर अचेत पड़ा है। थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को 108 एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।

जांच में मृतक की नाक से खून निकलने की बात सामने आई, लेकिन शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का एक अन्य व्यक्ति से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह बेहोश होकर गिर गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसके शरीर पर ब्लेड से चोटें और कपड़ों पर खून के निशान पाए गए। संदिग्ध ने बताया कि मृतक के साथ उसकी पुरानी रंजिश थी, और नाई की दुकान के पास दोनों में फिर से झगड़ा हुआ।

मृतक के खिलाफ 2022 में थाना प्रेमनगर में धारा 307 IPC के तहत मामला दर्ज था, और वह दो माह पहले जमानत पर रिहा हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है, जिससे मृत्यु का सटीक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!